Kanpur dehat news: कानपुर देहात में दानवीर भामाशाह की जयन्ती को व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में सामुदायिक भवन ईको पार्क माती में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम आलोक सिंह ने दीप प्रज्वलित व चित्र पर माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम में दानवीर भामाशाह के जीवनवृत्त पर आधारित नाटिका, नृत्य का प्रस्तुतीकरण संस्कृति विभाग के कलाकारों द्वारा किया गया।
इस मौके पर डीएम आलोक सिंह ने दानवीर भामाशाह को नमन करते हुए कहा कि हमें दानवीर भामाशाह के महान व्यक्तित्व से प्रेरणा ग्रहण करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा व्यापारियों को व्यापार में सुविधा,व्यापारियों के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं के प्रचार प्रसार के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा। शासन द्वारा व्यापारी बंधुओ को व्यापार में सहयोग हेतु विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। जिसका लाभ व्यापारी सम्बन्धित विभागों से प्राप्त कर सकते है।
जिला प्रशासन व्यापारियों के उन्नयन हेतु सदैव तत्पर है। उन्होंने व्यापारी बन्धुओं से ऐसे कार्यक्रमों में अधिक संख्या में सहभागिता हेतु अपील की, उन्होंने कहा कि व्यापारी बन्धु व प्रशासन के मध्य निरंतर संवाद आवश्यक है, जिससे व्यापारी बन्धुओं की समस्याओं को ससमय निस्तारण कराया जा सके। उन्होंने ने कहा कि हमारा प्रयास है कि जनपद के व्यापारी बन्धुओं को व्यापार में अधिक से अधिक सहायता प्रशासन से मिले।